सारंगढ़

सारंगढ़ में पत्रकार पर जानलेवा हमला: बीच-बचाव करने पर आरोपियों ने दी बर्बरता, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

CG MEDIA TV:सारंगढ़ शहर में कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करने वाली घटना में एक पत्रकार पर जानलेवा हमला किया गया। देर रात आदर्श पेट्रोल पंप के पास कुछ युवकों द्वारा एक ट्रक चालक के साथ मारपीट की जा रही थी। इसी दौरान वहां से गुजर रहे पत्रकार रवि तिवारी और उनके साथी किशन गुप्ता ने बीच-बचाव कर मारपीट रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि समझाइश देने से नाराज हमलावरों ने ट्रक चालक को छोड़ पत्रकार और उनके साथी पर ही हमला बोल दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपियों ने अपने अन्य साथियों को भी मौके पर बुला लिया। इसके बाद चाकू, लकड़ी के बत्ते और बेल्ट से दोनों पर ताबड़तोड़ हमला किया गया। आरोप है कि मुख्य आरोपी सोनू यादव ने धारदार हथियार से पत्रकार रवि तिवारी की आंख पर वार कर दिया, जिससे उनकी आंख में गंभीर चोट आई और पांच टांके लगाने पड़े। हमले में किशन गुप्ता को भी हाथ-पैर सहित शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोटें आई हैं।



पीड़ित पत्रकार की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना की जानकारी मिलते ही सारंगढ़ प्रेस क्लब की आपात बैठक बुलाई गई। पत्रकारों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सोनू यादव को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

यह घटना पत्रकारों की सुरक्षा और शहर की कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंता का विषय बन गई है। पत्रकार संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी नहीं हुई तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest