
सारंगढ़-बिलाईगढ़: जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और अपराधों पर नकेल कसने के लिए सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस एक्शन मोड में आ गई है। पुलिस अधीक्षक (SP) सुनील शर्मा के नेतृत्व और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) निमिषा पाण्डेय के निर्देशन में जिला पुलिस कार्यालय में एक अहम समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी और थाना प्रभारी शामिल हुए।
बैठक के दौरान एसपी सुनील शर्मा ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि जिले में अपराधियों और अवैध कारोबारियों के लिए कोई जगह नहीं है।


🚨 बैठक के 3 बड़े फैसले और निर्देश:
60 दिन का अल्टीमेटम: एसपी ने कड़े शब्दों में हिदायत दी है कि किसी भी थाने में 60 दिन से अधिक पुराना कोई भी मामला (शिकायत, मर्ग, खात्मा या अपराध प्रकरण) लंबित नहीं रहना चाहिए। तय सीमा के भीतर त्वरित कार्रवाई कर पीड़ितों को न्याय दिलाने के निर्देश दिए गए हैं।
गांजा और अवैध शराब पर विशेष अभियान: जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए विशेष नाकेबंदी और सघन जांच अभियान चलाया जाएगा। नशे के कारोबार को पूरी तरह से ध्वस्त कर जिले को नशा मुक्त बनाना पुलिस की पहली प्राथमिकता होगी।


साइबर क्राइम पर तत्काल एक्शन: साइबर ठगी और ऑनलाइन अपराध से जुड़े मामलों में बिना किसी देरी के तुरंत एफआईआर और तकनीकी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि पीड़ित नागरिकों को जल्द से जल्द राहत और उनका पैसा वापस मिल सके।
एसपी सुनील शर्मा ने कहा कि पुलिस की कार्यप्रणाली ऐसी होनी चाहिए जिससे आम जनता में सुरक्षा और विश्वास की भावना मजबूत हो, वहीं असामाजिक तत्वों में पुलिस का खौफ साफ नजर आए।




