
CG MEDIA TV:राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आठ महीने में दूसरी बार छत्तीसगढ़ दौरे पर आ रही हैं। वे अंबिकापुर में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर आयोजित प्रदेश स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह में शामिल होंगी।
राष्ट्रपति अपने प्रदेश प्रवास के दौरान वैद्यों और देवस्थलों से जुड़ी दो योजनाओं का उद्घाटन कर सकती हैं। इनमें पहली योजना परंपरागत उपचार करने वाले वैद्यों के लिए है। इसके अलावा, वे 70 साल पहले डॉ. राजेंद्र प्रसाद द्वारा गोद लिए गए बच्चे से भी मिलेंगी।
राष्ट्रपति मुर्मू वायुसेना के हेलिकॉप्टर से सुबह 11 बजे अंबिकापुर पहुंचेंगी और पीजी कॉलेज मैदान में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रामेन डेका करेंगे।
समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओरांव, राज्यमंत्री दुर्गा दास उइके और राज्यमंत्री तोखन साहू भी मौजूद रहेंगे। इससे पहले राष्ट्रपति मुर्मू विधानसभा के रजत जयंती कार्यक्रम के मौके पर रायपुर पहुंचीं थीं।


ग्राम अखरा विकास योजना का शुभारंभ
अपने प्रवास के दौरान राष्ट्रपति मुर्मू, मुख्यमंत्री जनजातीय ग्राम अखरा विकास योजना का शुभारंभकरेंगी। कार्यक्रम में जनजातीय प्रमुखों का भी सम्मान किया जाएगा। कार्यक्रम स्थल पर जनजातीय विकास प्रदर्शनी और क्राफ्ट मेला लगाया गया है।
इस दौरान जनजातीय विद्रोहों के नायकों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिवार के सदस्यों का सम्मान भी किया जाएगा।
सरगुजा दौरे पर पहुंचने वाली दूसरी राष्ट्रपति
राष्ट्रपति सरगुजा दौरे पर पहुंचने वाली देश की दूसरी राष्ट्रपति हैं। 1952 में देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ राजेंद्र प्रसाद अविभाजित सरगुजा के प्रवास पर पहुंचे थे।
डॉ राजेंद्र प्रसाद ने पंडोनगर के जिस 6 साल के पंडो बच्चे को गोद में लेकर बंसत नाम दिया था, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बसंत से भी मुलाकात करेंगी। बसंत पंडो की उम्र वर्तमान में 80 वर्ष है।प्रदेश स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस के पहले दिन जनजातीय लोक नृत्य महोत्सव का आयोजन किया गया। इसमें प्रदेश के सभी क्षेत्रों से पहुंचे लोक नर्तक दलों ने पारंपरिक जनजातीय नृत्य की प्रस्तुति दी। नृत्य महोत्सव के विजेताओं को भी राष्ट्रपति के हाथों सम्मानित किया जाएगा।
सुबह 6 से 3 बजे तक भारी वाहन बैन
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रवास के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। हेलीपैड और कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा की जवाबदेही एसपीजी ने संभाली है। छत्तीसगढ़ के डीजीपी सुरक्षा व्यवस्था के लिए अंबिकापुर में हैं।
एडीजी सहित 6 आईपीएस और अन्य राजपत्रित पुलिस अधिकारियों सहित दो हजार जवान सुरक्षा में तैनात किए गए हैं। राष्ट्रपति के प्रवास के दौरान सुबह 6 बजे से तीन बजे तक भारी वाहनों का प्रवेश शहर में बंद कर दिया गया है।
शहर में कुल 12 पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। शहर के बड़े इलाके में बैरिकेडिंग की गई है। इसके कारण पीजी कॉलेज, होलीक्रॉस कॉलेज सहित दर्जनभर से अधिक स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टी घोषित कर दी गई है।

Cannot collect videos from this channel. Please make sure this is a valid channel ID.
Error: No videos found.
Make sure this is a valid channel ID and that the channel has videos available on youtube.com.
