
CG MEDIA TV :सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले से महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की एक प्रेरणादायक तस्वीर सामने आई है। जहाँ ग्राम मल्दा-अ की एक महिला ने स्वयं सहायता समूह से जुड़कर न केवल अपनी आर्थिक स्थिति सुधारी, बल्कि पूरे गांव के लिए एक मिसाल बन गई हैं। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत सामने आई दशमत साहू की यह सफलता ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा दे रही है।

ग्राम मल्दा-अ की श्रीमती दशमत साहू की। दशमत साहू ने दुर्गा महिला स्वयं सहायता समूह से जुड़कर पारंपरिक खेती को एक नया और व्यवस्थित रूप दिया। उन्होंने मिर्च की खेती को अपनी आजीविका का मुख्य जरिया बनाया और अपनी कड़ी मेहनत के दम पर उत्पादन में शानदार सफलता हासिल की।
अब तक उनके खेतों से कुल 40 क्विंटल मिर्च की सफल तुड़ाई हो चुकी है। एक बार में लगभग 10 क्विंटल तक की उपज प्राप्त हुई, जिसे बाजार में लगभग 5 हजार रुपये प्रति क्विंटल की दर से बेचा गया।

इस तरह, केवल मिर्च की बिक्री से ही उन्होंने कुल 2 लाख रुपये की सकल आय अर्जित की है। इस कमाई ने न सिर्फ उनके परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूती दी है, बल्कि उन्हें आगे और बेहतर करने का आत्मविश्वास भी दिया है।जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के जरिए शासन की योजनाओं और आजीविका मिशन से आ रहे बदलावों को रेखांकित किया जा रहा है। दशमत साहू की यह उपलब्धि इसी जमीनी बदलाव का प्रत्यक्ष प्रमाण है, जहाँ ग्रामीण महिलाएं स्थानीय संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल कर आत्मनिर्भरता की नई इबारत लिख रही हैं।




