
CG MEDIA TV:सुशासन और विकास की दिशा में आज जशपुर जिले के विकासखंड फरसाबहार के बनगांव में एक भव्य ‘सुशासन शिविर’ का आयोजन किया गया। इस शिविर में जहाँ शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ जनता को मिला, वहीं सबसे ज्यादा चर्चा का विषय रहा शिक्षा विभाग की शानदार उपलब्धि। सत्र 2025-26 की बोर्ड परीक्षाओं और केंद्रीकृत परीक्षाओं में फरसाबहार के छात्र-छात्राओं ने शत-प्रतिशत परिणाम देकर नया कीर्तिमान स्थापित किया है फरसाबहार विकासखंड के बनगांव में आयोजित इस सुशासन शिविर में शिक्षा के क्षेत्र में आए क्रांतिकारी बदलावों की तस्वीर दिखाई दी।

इस वर्ष सत्र 2025-26 में विकासखंड का रिजल्ट ऐतिहासिक रहा है। हाईस्कूल यानी कक्षा 10वीं की बात करें, तो विकासखंड का कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 96.45% रहा। विशेष बात यह है कि 106 विद्यार्थियों ने 80% से अधिक अंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया सफलता का यह सिलसिला हायर सेकेंडरी में भी जारी रहा। कक्षा 12वीं में विकासखंड का परीक्षा परिणाम 96.61% रहा, जिसमें 49 छात्रों ने 80% से ज्यादा अंकों के साथ श्रेष्ठता सूची में जगह बनाई। वहीं, प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक स्तर पर केंद्रीकृत परीक्षा कक्षा 5वीं और 8वीं का रिजल्ट शत-प्रतिशत (100%) रहा। कक्षा 5वीं में 1726 और 8वीं में 1762 छात्र परीक्षा में शामिल हुए थे और सभी छात्र सफल घोषित किए गए।

इस अवसर पर मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित करने हेतु एक विशेष समारोह आयोजित किया गया। शिविर में शामिल 9 संकुलों के अंतर्गत आने वाले हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूलों के कुल 35 होनहार विद्यार्थियों को मुख्य अतिथियों द्वारा पुरस्कृत किया गया। इसमें संकुल स्तर पर 5वीं और 8वीं में प्रथम स्थान पाने वाले नन्हे सितारों के साथ-साथ 10वीं और 12वीं के टॉपर भी शामिल रहे।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती हेमन्ती साय (अध्यक्ष, जनपद पंचायत फरसाबहार) मौजूद रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री वेद प्रकाश भगत (सदस्य, जिला पंचायत जशपुर) ने की। साथ ही अति विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री भरत साय उपस्थित रहे।

प्रशासनिक अधिकारियों में जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक कुमार, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, तहसीलदार और जनपद सीईओ ने भी छात्रों का उत्साहवर्धन किया।इस शिविर में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और अभिभावकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए सभी छात्रों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। निश्चित ही, फरसाबहार विकासखंड की यह उपलब्धि प्रदेश के शिक्षा जगत के लिए एक प्रेरणा है।


