रायपुर

रायपुर में खड़ी बस से टकराया बाइक सवार, मौत: VIP चौक में हादसा, सिर फटने से गई जान; कांकेर रोडवेज बस का ड्राइवर हिरासत में

CG MEDIA TV:राजधानी रायपुर के VIP चौक में कांकेर रोडवेज प्राइवेट लिमिटेड की बस से टकराकर युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान महासमुंद के रहने वाले ईश्वर साहू के रूप में हुई है। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने बस ड्राइवर को हिरासत में लिया है।

मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने बस ड्राइवर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। बताया जा रहा है, ड्राइवर ने गलत तरीके से बस खड़ी की थी, जिससे युवक टकरा गया। सिर फटने से उसकी जान चली गई।

आगे की कार्रवाई में जुटी पुलिस

तेलीबांधा थाना प्रभारी नरेंद्र मिश्रा ने बताया कि, महासमुंद निवासी ईश्वर साहू अपनी बाइक (CG07BT4836) से महासमुंद की तरफ जा रहा था। वीआईपी चौक के पास सुबह 5.30 बजे पहुंचा, तो कांकेर रोडवेज बस (क्रमांक CG04PB8100) से टकरा गया।

बस चालक ने लापरवाही पूर्वक गाड़ी खड़ी थी, इस वजह से उसे हिरासत में लिया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।

मौके पर हुई थी मौत

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक बस से टकराया और सड़क में बाइक सहित सिर के बल गिर गया। मौके पर ही युवक की मौत हो गई। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी और पुलिस ने शव के कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेजा और परिजनों को जानकारी दी है।

4 महीने में 50 से ज्यादा हादसे

बीते चार महीनों में सड़क हादसों की संख्या में इजाफा हुआ है। पुलिस विभाग के आंकड़ों के अनुसार 78 सड़क हादसों में 28 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है। सड़क हादसों के कारण इस रिपोर्ट में ओवर स्पीड गाड़ी, ड्रिंक एंड ड्राइव और वाहन चालकों की लापरवाही बताई गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest