
CG MEDIA TV : सक्ती।
बढ़ते डिजिटल अपराधों पर अंकुश लगाने और आमजन को सतर्क करने के उद्देश्य से सक्ती जिले में ‘साइबर जागृति अभियान’ जोर-शोर से चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक (SP) प्रफुल्ल कुमार ठाकुर जैजैपुर थाना क्षेत्र के ग्राम करीभावर पहुंचे। वहां उन्होंने चौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और उन्हें साइबर ठगी के नए तौर-तरीकों व सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
फर्जी कॉल और अनजान लिंक से रहें सावधान: SP
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए एसपी प्रफुल्ल ठाकुर ने कहा कि आज के दौर में साइबर अपराधी खुद को बैंक अधिकारी, पुलिसकर्मी, बिजली विभाग का कर्मचारी या परिचित बताकर लोगों को अपने जाल में फंसाते हैं। लॉटरी, नौकरी, सस्ते लोन और KYC अपडेट के नाम पर फर्जी लिंक भेजकर खाते खाली कर दिए जाते हैं।

एसपी ने ग्रामीणों को ये जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी:
अपना OTP, ATM PIN, UPI PIN, CVV या पासवर्ड किसी के साथ कभी साझा न करें।
अनजान नंबर से आए किसी भी लिंक पर क्लिक न करें और बिना जांच-परख के कोई भी ऐप डाउनलोड न करें।
फर्जी लॉटरी, इनाम या वर्क-फ्रॉम-होम जैसे ऑनलाइन ऑफर्स के झांसे में न आएं।
ठगी होने पर तुरंत डायल करें ‘1930’
एसपी ने बताया कि यदि किसी के साथ वित्तीय धोखाधड़ी हो जाती है, तो घबराने के बजाय बिना देर किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या नजदीकी थाने में संपर्क करें। ‘गोल्डन ऑवर’ यानी घटना के तुरंत बाद शिकायत दर्ज कराने से ठगी गई रकम को बैंक खाते में ही होल्ड (फ्रीज) कराने में मदद मिलती है।
सड़क सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर भी जोर
साइबर अपराध के साथ-साथ पुलिस अधीक्षक ने ग्रामीणों को यातायात नियमों का पाठ भी पढ़ाया:
दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया में सीट बेल्ट अनिवार्य रूप से लगाएं।
शराब पीकर या तेज रफ्तार में वाहन न चलाएं और नाबालिगों को गाड़ी चलाने न दें।
गांव में शांति व कानून-व्यवस्था बनाए रखें; किसी भी विवाद की स्थिति में कानून हाथ में लेने के बजाय सीधे पुलिस को सूचना दें।
किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस से साझा करें।

इस जागरूकता चौपाल में थाना प्रभारी जैजैपुर राकेश राठौर, PSI तेजेंद्र कुमार सिन्हा, आरक्षक मनोज लहरे, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से लक्ष्मी जायसवाल, ग्राम सरपंच कमल खांडे सहित पुलिस बल के जवान और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।



