सक्ती

विधायक मद से बने सीसी रोड में भ्रष्टाचार की खुली पोल सात माह में उखड़ी सड़क, ग्रामीणों में आक्रोश कार्यवाही की मांग

CG MEDIA TV:

सक्ती – जिला अंतर्गत जैजैपुर जनपद पंचायत क्षेत्र की ग्राम पंचायत बोईरडीह में विधायक मद एवं 15वें वित्त आयोग की राशि से निर्मित सीसी रोड में कथित भ्रष्टाचार और भारी अनियमितता का मामला सामने आया है। करोड़ों के विकास दावों के बीच गांव की सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता की पोल खोल दी है। सड़क निर्माण के महज सात से आठ महीने के भीतर ही जगह-जगह से उखड़ने लगी, जिससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।

ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने निर्माण कार्य में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए संबंधित अधिकारियों को लिखित शिकायत सौंपकर निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण एजेंसी और जिम्मेदार अधिकारियों की मिलीभगत से घटिया सामग्री का उपयोग कर सरकारी राशि का दुरुपयोग किया गया।

ग्रामीणों के अनुसार सीसी रोड निर्माण में तकनीकी मापदंडों की खुलेआम अनदेखी की गई। जहां सड़क निर्माण में 20 एमएम गिट्टी का उपयोग किया जाना था, वहां 40 एमएम गिट्टी डाल दी गई। इतना ही नहीं, सीमेंट और अन्य निर्माण सामग्री की गुणवत्ता भी बेहद खराब बताई जा रही है। परिणामस्वरूप लाखों रुपये की लागत से बनी सड़क कुछ ही महीनों में जवाब देने लगी।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की स्थिति देखकर साफ अंदाजा लगाया जा सकता है कि निर्माण कार्य किस स्तर का किया गया है। जगह-जगह सड़क उखड़ रही है और गिट्टियां बाहर निकलने लगी हैं। इससे लोगों को आवागमन में भी परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य केवल कागजों में गुणवत्ता पूर्ण दिखाया गया, जबकि जमीनी स्तर पर भारी लापरवाही बरती गई।

मामले में एक और गंभीर आरोप यह भी लगाया गया है कि निर्माण कार्य से संबंधित सूचना बोर्ड और पोर्टल को जानबूझकर क्षतिग्रस्त कर दिया गया ताकि ग्रामीणों को निर्माण लागत, कार्य एजेंसी और स्वीकृत राशि की जानकारी न मिल सके। ग्रामीणों का कहना है कि सूचना छिपाकर पूरे मामले को दबाने का प्रयास किया गया।

जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत बोईरडीह में गंगाजल पुलिया से आगे की ओर लगभग 5 लाख रुपये, गंगाजल तालाब से बरदुली मार्ग की ओर लगभग 7 लाख रुपये विधायक मद से तथा बोईरडीह से बरदुली मार्ग की ओर लगभग 3 लाख रुपये 15वें वित्त आयोग मद से सीसी रोड निर्माण कराया गया था। कुल मिलाकर लगभग 15 लाख रुपये की लागत से सड़क निर्माण कार्य हुआ, जिस पर अब गंभीर भ्रष्टाचार के आरोप लग रहे हैं।

ग्रामीणों ने जनपद पंचायत जैजैपुर एवं जिला पंचायत सक्ती के अधिकारियों से मांग की है कि निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कर संबंधित ठेकेदार, इंजीनियर और जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है या फिर यह मामला भी अन्य शिकायतों की तरह फाइलों में दबकर रह जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest