
CG MEDIA TV:छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ पुलिस का कड़ा अभियान जारी है। सक्ती पुलिस ने वार्ड नंबर 01 में आतंक का पर्याय बने एक शातिर बदमाश को घातक हथियार के साथ गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 05.04.2026 को सक्ती पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि वार्ड नंबर 01 कसेरपारा में एक युवक हाथ में बड़ा ‘कत्तानुमा’ चाकू लेकर खुलेआम घूम रहा है। आरोपी सरेराह हथियार लहराते हुए लोगों को डरा-धमका रहा था, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया था।

पुलिस की घेराबंदी और गिरफ्तारी
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक श्री प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पंकज पटेल व एसडीओपी डॉ. भुवनेश्वरी पैकरा के मार्गदर्शन में पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को धर दबोचा। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रोशन सहिस (उम्र 23 वर्ष) निवासी वार्ड नंबर 01 सक्ती बताया।
आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई

आरोपी के पास से लोहे का कत्तानुमा चाकू जप्त किया गया। जब पुलिस ने आरोपी से हथियार रखने के संबंध में वैध दस्तावेज की मांग की, तो वह कोई भी कागजात पेश नहीं कर सका। जिसके बाद आरोपी रोशन सहिस के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत मामला दर्ज किया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर उप जेल सक्ती भेज दिया गया है।



