सक्ती

भ्रष्टाचार का ‘कांटा’: ओडेकेरा में तौल में भारी हेराफेरी, आखिर किसकी शह पर हो रही किसानों की लूट?

CG MEDIA TV:सक्ती  जिले के ओडेकेरा में स्थित धान खरीदी केंद्र में धान तौल को लेकर गंभीर अनियमितता का मामला सामने आया है। किसानों का आरोप है कि शासन द्वारा निर्धारित मानक 40 किलो 600 ग्राम प्रति बोरी के स्थान पर खरीदी केंद्र प्रभारी द्वारा 41 किलो 300 ग्राम तक धान लिया जा रहा है। इस प्रकार प्रत्येक बोरी में 500 से 600 ग्राम अतिरिक्त धान की वसूली की जा रही है, जिससे किसानों को प्रत्यक्ष आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।


किसानों का कहना है कि यह उनकी मेहनत की कमाई पर सीधा डाका है। एक ओर शासन किसानों के हित में पारदर्शी धान खरीदी का दावा कर रहा है, वहीं दूसरी ओर खरीदी केंद्र स्तर पर नियमों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है।

नाम न छापने की शर्त पर एक किसान ने बताया कि

यदि निर्धारित मात्रा से अधिक धान देने से इनकार किया जाता है तो खरीदी प्रभारी द्वारा यह कहकर धान वापस कर देने की धमकी दी जाती है कि “धान साफ नहीं है।” मजबूरी में किसान अतिरिक्त धान देने को विवश हैं, क्योंकि धान लौटने की स्थिति में उन्हें दोबारा परिवहन और समय का नुकसान उठाना पड़ता है।

गौरतलब है कि सक्ती कलेक्टर अमृत विकास तोपनो द्वारा जिले के सभी धान खरीदी केंद्रों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि किसानों से केवल शासन द्वारा निर्धारित मानक के अनुसार ही धान की तौल की जाए और किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके बावजूद ओडेकेरा धान खरीदी केंद्र में ऐसी शिकायतें सामने आना प्रशासनिक निगरानी और जवाबदेही पर सवाल खड़े करता है।

अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हुए जांच और कार्रवाई करता है, जिससे किसानों को न्याय मिल सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest