
CG MEDIA TV:छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत भाठनपाली-बिंजकोट में सड़क का निर्माण होगा। 13 दिसंबर को इसका भूमिपूजन वित्त मंत्री व रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने किया।
यहां 6 करोड़ 26 लाख से अधिक की लागत से सड़क का निर्माण किया जाएगा। सड़क निर्माण के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन में लोगों को सुविधा मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान वित्तमंत्री ने निर्माण कार्यों में लापरवाही बर्दास्त नहीं करने की बात भी कही है।

गुणवत्ता के साथ काम पूरा करने के निर्देश
भाठनपाली में एनएच-49 से मोहंदाभाठा बस्ती तक 2.25 किलोमीटर सड़क और धनुहारडेरा से भाठनपाली तक 1.80 किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य स्वीकृत किया गया है।
जिसकी कुल लागत 3.28 करोड़ रुपए है। वहीं बिंजकोट में एकताल रोड से बिंजकोट बस्ती तक और एकताल से सांपखंड़-सकरभोगा तक सड़कों के निर्माण में 2.98 करोड़ रुपए से अधिक खर्च किए जाएंगे।
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने सभी निर्माण कार्यों को 12 महीने के अंदर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने निर्माण कार्यों में बेहतर गुणवत्ता के साथ ही किसी भी प्रकार की लापरवाही या कमीशनखोरी बर्दाश्त नहीं किए जाने की बात कही है।
इस दौरान कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वित्तमंत्री ने कहा कि सरकार बनने के बाद से प्रदेश की जनता के हित में लगातार फैसले लिए जा रहे हैं।
12 लाख किसानों को 3716 करोड़ रुपए का बकाया बोनस, 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदी,3100 रुपए प्रति क्विंटल भुगतान, श्री रामलला दर्शन योजना, 18 लाख गरीब परिवारों के लिए आवास, और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए महतारी वंदन योजना इसके प्रमुख उदाहरण है।
सीसी रोड की डिमांड पूरा करने का आश्वासन
इस दौरान वित्तमंत्री ने भाठनपाली में 10 लाख रुपए की लागत से शेड निर्माण और बिंजकोट में 10 लाख रुपए के आवश्यक विकास कार्यों के लिए राशि देने की घोषणा की।
साथ ही ग्रामीणों की सीसी रोड की मांग को भी शीघ्र पूरा करने का आश्वासन दिया। इस दौरान उज्ज्वला योजना के अंतर्गत बिंजकोट में 6 हितग्राहियों को गैस कनेक्शन भी वितरित किए गए।




