
सारंगढ़-बिलाईगढ़ / सरसीवां:
सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के सरसीवां थाना अंतर्गत पिपरडीह गांव में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां तालाब में नहाने गई एक 72 वर्षीय वृद्ध महिला की पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, पिपरडीह निवासी 72 वर्षीय महिला घर से गांव के ही तालाब में नहाने के लिए गई हुई थी। जब काफी देर बीत जाने के बाद भी महिला वापस घर नहीं लौटी, तो परिजनों को चिंता हुई। अनहोनी की आशंका के चलते परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की।
खोजबीन के दौरान परिजनों को तालाब के घाट पर महिला के कपड़े मिले। कपड़े देखकर परिजनों को अंदेशा हुआ कि महिला तालाब के गहरे पानी में डूब गई होगी। परिजनों ने तुरंत इस बात की सूचना सरसीवां पुलिस थाना को दी।

सूचना मिलने के बाद पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से तालाब में तलाश शुरू की गई। ग्रामीणों ने पानी में उतरकर खोजबीन की, जिसके बाद महिला का शव बरामद कर लिया गया।
घटना की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल सरसीवां पुलिस मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई और जांच में जुट गई है।




