जशपुर

स्कॉर्पियो की छत पर रील, हाथ में बीयर की बोतल; जशपुर के छात्रों ने फेयरवेल को बनाया ‘रोड शो’।

CG MEDIA TV:छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में फेयरवेल के बाद स्टूडेंट्स स्कॉर्पियो और बाइक पर स्टंट करते नजर आए। चलती कार से बाहर लटककर छात्र बियर की बोतल लहराते दिखा। इसके बाद छात्र और छात्रा विंडो पर बैठे रहे और स्कॉर्पियो चलाने वाला स्टंट (ड्रिफ्ट) करता रहा।

स्टूडेंट्स ने हरियाणवी गाने के साथ 3 वीडियो इंस्टाग्राम पर अपलोड किए हैं। स्टूडेंट्स के स्टंट का वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस ने वीडियो में दिख रही गाड़ियों को ढूंढ निकाला और उनके खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत केस दर्ज किया। अब आरोपियों को कोर्ट में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

बता दें कि इससे पहले भी फेयरवेल पार्टी में स्टंट के मामले सामने आ चुके हैं। इस पर रोक लगाने को लेकर छत्तीसगढ़ राज्य बालक अधिकार संरक्षण आयोग ने सख्त रुख अपनाया है। आयोग ने लोक शिक्षण संचालनालय, सभी कलेक्टरों और जिला शिक्षा अधिकारियों को इस संबंध में कड़े निर्देश जारी करने की अनुशंसा की है।

बालक अधिकार संरक्षण आयोग ने कहा है कि फेयरवेल पार्टी या अन्य आयोजन बच्चों की ओर से किए जा रहे हों, तो इसकी पूर्व सूचना शाला प्रबंधन को देना अनिवार्य हो। ऐसे आयोजनों के लिए स्पष्ट प्रोटोकॉल तय किया जाए और समारोह शिक्षकों की निगरानी में गरिमामय तरीके से आयोजित हों।

दरअसल, 2 दिन पहले सोशल मीडिया पर स्टूडेंटस के स्टंट के 3 वीडियो वायरल हुए। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि तेज रफ्तार काली रंग की स्कॉर्पियो में स्टूडेंट्स सवार हैं। कार की काफी स्पीड में चल रही है।

इसमें कार एक तरफ एक लड़की विंडो से बाहर लटककर खतरनाक स्टंट कर रही है, जबकि कार की दूसरी तरफ दो लड़के विंडो से बाहर लटके हुए हैं। इसी अंदाज में कार को कभी राउंड में तो कभी रिवर्स करते हुए खतरनाक स्टंट कर रहे हैं।

दूसरे वीडियो में झारखंड नंबर की स्कॉर्पियो की विंडो से 2 लड़के बाहर लटकते रहे। इसमें एक लड़का हाथ में शराब की बोतल लहराता रहा। इसके बाद स्कॉर्पियो एक ग्राउंड में टर्न करती है, जहां पहले से काफी लड़के और लड़कियां मौजूद थे।

जबकि तीसरे वायरल वीडियो में कुछ स्टूडेंट्स खतरनाक स्टंट कर रहे थे। ये घटना जशपुर के सारुडीह और किनकेल इलाके में हुई बताई जा रही है।

स्टूडेंट्स के स्टंट का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस टीम एक्शन लिया और वायरल वीडियो की जांच शुरू की। जांच में स्टंट करने वाली काली स्कॉर्पियो (JH-01-FC-1960) और बुलेट बाइक (JH-01-BN-4563) की पहचान कर जब्त कर लिया गया।

जांच में पता चला कि स्कॉर्पियो ग्राम सारुडीह के अविनाश एक्का (25 साल) के नाम पर रजिस्टर्ड है और घटना के वक्त वही इसे चला रहा था। वहीं, बुलेट बाइक बाधरकोना के एक व्यक्ति की बताई गई है, जिस पर एक लड़की स्टंट करती नजर आई थी। पुलिस ने स्टंटबाजी में इस्तेमाल एक तीसरे बिना नंबर वाले स्कॉर्पियो की भी पहचान कर ली है, जिसकी तलाश अभी जारी है।

पुलिस ने खतरनाक और लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 और 66/192 के तहत कार्रवाई की है। अब यह मामला कोर्ट में पेश किया जा रहा है।

परिजनों को बुलाकर दी गई कड़ी चेतावनी

पुलिस ने स्टंटबाजी करने वाले स्टूडेंट्स के परिजनों को थाना बुलाकर सख्त समझाइश दी। अधिकारियों ने साफ कहा कि ऐसे खतरनाक स्टंट सिर्फ कानूनन अपराध नहीं, बल्कि खुद और दूसरों की जान के लिए भी खतरा है। पुलिस ने चेताया कि सोशल मीडिया पर लाइक और व्यूज के लिए की जाने वाली ये हरकतें भविष्य और परिवार दोनों के लिए घातक साबित हो सकती हैं।

जशपुर पुलिस की लोगों से अपील

जशपुर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे स्टंटबाजी से दूर रहें, ट्रैफिक नियमों का पालन करें और शराब के नशे में वाहन न चलाएं। पुलिस ने बताया कि ऐसे मामलों पर लगातार नजर रखी जा रही है और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest