
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में बच्चों के पटाखा फोड़ने को लेकर दो पक्षों में खूब मारपीट हो गई। इस बात की खबर पुलिस को मिली, जिसके बाद पुलिस ने दोनों तरफ के 5 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। यह घटना तमनार थाना क्षेत्र की है।

ग्राम टपरंगा के रहने वाले 75 साल के धनंजय दुबे ने पुलिस में शिकायत की है। उन्होंने बताया कि वे अपने बेटे अनिल कुमार और सुशील कुमार के साथ गोपी पटेल कॉलोनी में रहते हैं। वहीं धनंजय के छोटे भाई का बेटा प्रकाश कुमार दुबे (21 साल) भी वहीं रहता है।
धनतेरस की रात को धनंजय के घर के छोटे बच्चे आंगन में पटाखा फोड़ रहे थे। तभी प्रकाश दुबे ने उन्हें पटाखा फोड़ने से मना किया। इस पर सुशील कुमार ने कहा कि बच्चे हैं, फोड़ रहे हैं, तो क्या हुआ, फोड़ने दो। इससे नाराज होकर प्रकाश और सुशील के बीच गाली-गलौज और झगड़ा हो गया।
जब धनंजय दुबे झगड़ा शांत कराने गए, तब प्रकाश का भाई संजय दुबे ने उन्हें गालियां दी और जान से मारने की धमकी देते हुए रॉड से मारपीट शुरू कर दी।
प्रकाश और उर्मिला ने भी धनंजय के साथ मारपीट की। इसके बाद धनंजय का बेटा सुशील बीच-बचाव करने आया। मारपीट में धनंजय के सिर पर चोट लग गई। घटना के बाद उन्होंने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने संजय दुबे, प्रकाश दुबे और उर्मिला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

लोहे के छड़ से मारपीट किया
वहीं प्रकाश दुबे ने भी रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने पुलिस को बताया कि जब उसने अपने घर के सामने पटाखा फोड़ने से बच्चों को मना किया, तो सुशील दुबे गाली देने लगा। जब उसने गाली देने से रोका, तो सुशील नहीं माना और जान से मारने की धमकी देते हुए लोहे की छड़ से उसके साथ मारपीट की।
इस मारपीट में प्रकाश की कनपटी पर चोट लगी और खून बहने लगा। घटना के बाद प्रकाश ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने सुशील दुबे और अनिल दुबे के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।




