पामगढ़

पामगढ़ विधानसभा में होंगे 2 करोड़ के विकास कार्य

CG MEDIA TV – भवन निर्माण और वार्डों का विकास होगा; उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने की घोषणा

उपमुख्यमंत्री अरुण साव जांजगीर-चांपा जिले के दौरे पर रहे। 7 अक्टूबर को उन्होंने नगर पंचायत पामगढ़ में अटल परिसर का लोकार्पण किया और विकास कार्यों के लिए 2 करोड़ रुपए की घोषणा की।

उन्होंने पामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए 8 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत करने की जानकारी दी। साथ ही, नगर पंचायत भवन के निर्माण के लिए 1 करोड़ रुपए और वार्डों के विकास के लिए अतिरिक्त 1 करोड़ रुपए की घोषणा की।

कलेक्टर जन्मेजय महोबे और भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। उपमुख्यमंत्री ने भारत माता और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने अटल परिसर का विधिवत लोकार्पण किया।

इसके अलावा खरौद, शिवरीनारायण और नवागढ़ नगर पंचायतों में भी अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमाओं का अनावरण किया गया।

सभा को संबोधित करते हुए अरुण साव ने कहा कि सरकार बनने के बाद यह तय किया गया है कि प्रदेश के हर नगर में अटल जी का परिसर स्थापित किया जाएगा। उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी के देश की राजनीति, गांवों और किसानों की प्रगति में अतुलनीय योगदान को रेखांकित किया।

साव ने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, किसान क्रेडिट कार्ड योजना और शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण जैसी ऐतिहासिक योजनाएं अटल जी की ही देन हैं।

उपमुख्यमंत्री ने पामगढ़ के निवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार जनता के विकास और अटल जी के सपनों को साकार करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest