रायगढ़

खरसिया में पुलिस कस्टडी में मौत पर बवाल: NH-49 पर 3 घंटे चक्काजाम, 3 पुलिसकर्मी लाइन अटैच

CG MEDIA TV:छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से एक बड़ी और दुखद खबर सामने आ रही है। खरसिया के परासकोल निवासी रमेश चौहान की पुलिस कस्टडी में कथित ‘थर्ड डिग्री’ टॉर्चर से मौत के बाद पूरे इलाके में आक्रोश की आग भड़क उठी है। परिजनों और चौहान गांड़ा समाज के लोगों ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए न केवल SDM कार्यालय का घेराव किया, बल्कि नेशनल हाईवे पर घंटों चक्काजाम कर न्याय की गुहार लगाई।


मामला तब गंभीर हो गया जब रमेश चौहान की मौत की खबर फैलते ही सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण और समाज के लोग सड़कों पर उतर आए। शुरुआत में SDM कार्यालय के घेराव के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों और ग्रामीणों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। जब बात नहीं बनी, तो आक्रोशित ग्रामीणों ने बोतल्दा (NH-49) पर पहुंचकर चक्काजाम कर दिया। करीब 3 घंटों तक हाईवे पूरी तरह बाधित रहा, जिससे प्रशासन और पुलिस विभाग के हाथ-पांव फूल गए।


इस विरोध प्रदर्शन में खरसिया विधायक उमेश पटेल भी शामिल हुए। साथ ही, रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़ और महासमुंद जिलों से चौहान गांड़ा समाज के भारी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता पहुंचे। समाज प्रमुख महावीर चौहान, रामाधार चौहान और राजू किर्ती चौहान जैसे दिग्गजों ने स्पष्ट शब्दों में दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने घुटने टेके और निम्नलिखित घोषणाएं कीं:
न्यायिक/मजिस्ट्रियल जांच:
SDM प्रवीण तिवारी ने तत्काल प्रभाव से मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं।


पारदर्शिता: जांच को निष्पक्ष रखने के लिए समाज के 5 प्रतिनिधियों को प्रक्रिया में
शामिल किया जाएगा।

पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई: SSP रायगढ़ ने खरसिया TI राजेश कुमार जांगड़े, आरक्षक विशोप सिंह और योगेश साहू को तत्काल प्रभाव से ‘लाइन अटैच’ कर दिया है।


पीड़ित परिवार को सहायता: मृतक की पत्नी को कलेक्टर दर पर नौकरी और शासन द्वारा उचित मुआवजे का वादा किया गया है। अंत्येष्टि के लिए तात्कालिक सहायता राशि भी प्रदान की गई।

फिलहाल प्रशासन के आश्वासन के बाद चक्काजाम समाप्त हो गया है और स्थिति नियंत्रण में है। लेकिन परिजनों और समाज की नजरें अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं। क्या इस न्यायिक जांच से रमेश चौहान के परिवार को इंसाफ मिलेगा? यह आने वाला वक्त बताएगा

राजू कृति चौहान की खास रिपोर्ट

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest