
CG MEDIA TV:सक्ती जिले के मालखरौदा ब्लॉक से एक बड़ी खबर आ रही है, जहाँ अन्नदाता एक बार फिर व्यवस्था की भेंट चढ़ रहा है। सेवा सहकारी समिति आमनदुला में धान खरीदी के नाम पर किसानों के शोषण का मामला गरमाता जा रहा है। आरोप है कि यहाँ के प्रभारी प्रबंधक भागवत प्रसाद चन्द्रा द्वारा किसानों से तय मात्रा से कहीं अधिक धान की तौल कराई जा रही है।
छत्तीसगढ़ शासन के नियमानुसार, प्रति बोरा 40 किलो धान और 600 ग्राम बारदाने के साथ कुल 40 किलो 600 ग्राम की तौल होनी चाहिए। लेकिन आमनदुला केंद्र में नियम ताक पर हैं। किसानों का आरोप है कि यहाँ प्रभारी प्रबंधक भागवत प्रसाद चन्द्रा की शह पर उनसे 41 किलो 200 ग्राम से लेकर 300 ग्राम तक धान लिया जा रहा है। यानी हर बोरे पर किसानों को सीधे तौर पर 600 से 700 ग्राम का चूना लगाया जा रहा है।


हैरानी की बात यह है कि सहकारिता विभाग द्वारा यहाँ एक नियमित प्रबंधक योगी की नियुक्ति की जा चुकी है, इसके बावजूद प्रभारी प्रबंधक द्वारा ‘लूट’ का यह खेल बदस्तूर जारी है। आखिर किसकी शह पर नियमित प्रबंधक को दरकिनार कर प्रभारी के हाथों में कमान दी गई है और किसानों का हक मारा जा रहा है?
इस पूरे मामले ने प्रशासन की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या सक्ती जिला प्रशासन और सहकारिता विभाग के अधिकारी इस ‘अतिरिक्त तौल’ के खेल पर संज्ञान लेंगे? या फिर आमनदुला के किसान यूँ ही अपनी गाढ़ी कमाई लुटाते रहेंगे?



